Real Meaning of Being Handsome

क्या है Handsome का सही मतलब ...?
चलिए, एक प्रेरक प्रसंग से समझते हैं ....


दूरदराज के एक गाँव में एक किसान रहता था। उसने सुना था कि उसके देश के प्रेसिडेंट बड़े महान इंसान हैं। उसने मन ही मन उनकी एक तस्वीर बना रखी थी। एक लम्बा, खूबसूरत इंसान, राजसी ठाट-बाट वाला, जो चले तो लोग देखते रह जाएं, जो बोले तो लोग सुनते रह जाएं।

उसके मन में प्रेसिडेंट को देखने की तीव्र इच्छा थी, पर बेचारा ऐसी जगह रहता था जहाँ अभी तक बिजली भी नहीं पहुँच पायी थी। उसने कभी टीवी या अखबार में भी प्रेसिडेंट को नहीं देखा था।

लेकिन कहते हैं कि यदि मन से किसी चीज को पूरी ताकत से चाहा जाए तो कायनात भी उस चाह को पूरा करने में मदद करती है।

एक दिन पता चला कि उसके गाँव से करीब 100 मील दूर खुद प्रेसिडेंट आने वाले हैं। उसने फ़ौरन वहां जाने का निश्चय कर लिया। काफी दूर पैदल चलने और कई साधनों को बदलने के बाद आखिरकार वह तय दिन और समय पर प्रेसिडेंट को देखने के लिए पहुँच गया।

भीड़ बहुत थी। हज़ारों लोग अपने प्रिय प्रेसिडेंट की एक झलक पाने के लिए खड़े थे। किसान ने बगल में खड़े एक व्यक्ति से पूछा ― क्या आपने कभी प्रेसिडेंट को देखा है?
हाँ देखा है, जवाब आया।
वो दिखने में कैसे हैं?
कुछ ख़ास नहीं, बड़े साधारण से हैं।

वे बात कर ही रहे थे कि जनता का शोर उनके कानों में पड़ा। प्रेसिडेंट उनके बीच से होते हुए स्टेज पर जा रहे थे।

किसान ने देखा कि एक सामन्य कद का साधारण सा इंसान रेड कारपेट पे चलता हुआ आगे बढ़ रहा है। प्रेसिडेंट उसकी मानसिक तस्वीर से बिलकुल अलग थे।

किसान अपने विचारों में खोया हुआ था कि तभी प्रेसिडेंट उसके सामने रुके उससे हाथ मिलाया, हाल-चाल लिया और आगे बढ़ गए। उसे यकीन नहीं हुआ कि देश का राष्ट्रपति उससे दो शब्द बोल कर गया है।

उसने फ़ौरन सोचा― कौन कहता है मेरा राष्ट्रपति साधारण है, मैंने तो आज तक इससे असाधारण व्यक्ति नहीं देखा।


दोस्तों, वो शख्श कोई और नहीं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे अब्दुल कलाम थे। इंसान अपने बाहरी रंग-रूप से महान या असाधारण नहीं होता, वो अपने अंदर की अच्छाई, काबिलियत , करुणा और प्रेम से असाधारण बनता है।

डॉ. कलाम ने एक बार भाषण देते हुए कहा भी था–
I am not handsome, but I can give my Hand To Some.
यानी मैं हैण्डसम नहीं हूँ लेकिन मैं किसी को अपना हाथ मदद के लिए दे सकता हूँ।

सचमुच Dr. A.P.J Abdul Kalam एक महान व्यक्ति थे जो सदैव दूसरों की मदद के लिए तैयार रहते थे।


चलिए, उनके जीवन से सीख लेते हुए हम भी सही मायने में HANDSOME बनें, हम भी अपना हाथ किसी की मदद के लिए बढ़ाने के लिए तैयार रहें।


धन्यवाद
संकलित
रामनिवास बिश्नोई

Real Meaning of Being Handsome Real Meaning of Being Handsome Reviewed by Ram Tech Media on 7:48 AM Rating: 5
RamnivasVishnoi.Tk. Powered by Blogger.